कुरजां महोत्सव का खीचन ग्राम से हुआ भव्य आगाज

कुरजां की अठखेलियां रही पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र! पर्यटकों के साथ-साथ जिला कलक्टर ने कुरजां देखते हुए खीचन की हवेलियों व तालाब का किया भ्रमण

फलौदी, 17 मार्च: जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा जिले की संस्कृति व कला को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सोमवार को प्रथम कुरजां महोत्सव का भव्य आगाज खीचन ग्राम से हुआ। लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ- साथ पर्यटक,आमजन व प्रशासनिक अधिकारियों ने कुरजां की अठखेलियां निहारी।

फलौदी दुर्ग में हस्तशिल्प प्रदर्शनी का फलौदी विधायक,जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने आमजन के साथ किया अवलोकन

इस दौरान जिला कलक्टर एच.एल अटल, अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय, पर्यटन विभाग उप निदेशक भानु प्रताप, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार गर्ग सहित अन्य अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ खीचन की ऐतिहासिक हवेलियों व तालाब का भ्रमण किया। खीचन ग्राम का भ्रमण करते हुए पर्यटक उत्साह के साथ फलोदी दुर्ग पहुंचें।

फलौदी दुर्ग में हस्तशिल्प प्रदर्शनी :

फलौदी दुर्ग में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा हस्तशिल्प प्रदर्शनी लगाई गईं। प्रदर्शनी का उद्घाटन फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई,जिला कलक्टर एच.एल अटल व पुलिस अधीक्षक पूजा अवाना द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में हाथ से बने उत्पाद चादर, कुशन, चित्रकारी, खादी से बने उत्पाद, चमड़े से बने उत्पाद, मिट्टी के खिलौने, स्टोन क्रॉफ्ट, हेन्डलूम,आचार, राजीविका उत्पाद, गौ उत्पाद सहित 16 स्टॉल लगाई गईं। इस दौरान उन्होंने सभी स्टॉल का अवलोकन करते हुए उद्योग महाप्रबंधक डॉ अंजुला आसदेव को सभी कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए उचित प्लेटफार्म उपलब्ध करवाने तथा हस्तशिल्प उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित करवाने के निर्देश दिए।

दुर्ग में हुआ मटका दौड़ का आयोजन:

दुर्ग में हस्तशिल्प प्रदर्शनी के अवलोकन के लिए आमजन के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों से बच्चों ने भी शैक्षणिक भ्रमण करते हुए हस्तशिल्प उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान दुर्ग में मटका दौड़ का आयोजन भी किया गया। जिसमें महिलाओं के समुह ने मटका सिर पर रखकर दौड़ में भाग लिया।

यह भी पढ़ें: नीमकाथाना शहर पुलिस की अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ ताबतोड कार्यवाही

Leave a Comment

error: Content is protected !!